आज मैं श्रेष्ठ हिंदी कवि स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह जी की एक रचना शेयर कर रहा हूँ।
इनकी रचनाएं मैंने पहले शायद शेयर नहीं की हैं।
आज प्रस्तुत है स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह जी की यह कविता –

गा मंगल के गीत सुहागिन!
चौमुख दियरा बाल के!
आज शरद की साँझ, अमा के
इस जगमग त्योहार में-
दीपावली जलाती फिरती
नभ के तिमिरागार में,
चली होड़ करते तू, लेकिन
भूल न,-यह संसार है;
भर जीवन की थाल दीप से
रखना पाँव सँभाल के!
सम्मुख इच्छा बुला रही,
पीछे संयम-स्वर रोकते,
धर्म-कर्म भी बायें-दायें
रुकी देखकर टोकते,
अग-जग की ये चार दिशायें
तम से धुँधली दीखती;
चतुर्मुखी आलोक जला ले
स्नेह सत्य ता ढाल के!
दीप-दीप भावों के झिलमिल
और शिखायें प्रीति की,
गति-मति के पथ पर चलना है
ज्योति लिये नव रीति की,
यह प्रकाश का पर्व अमर हो
तमके दुर्गम देश में;
चमके मिट्टी की उजियाली
नभ का कुहरा टाल के!
(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a comment