मेरा कवि ऐसे लोगों का!

आज एक बार फिर मैं श्रेष्ठ हिंदी कवि स्वर्गीय मुकुट बिहारी सरोज जी की एक रचना शेयर कर रहा हूँ।

सरोज जी की अधिक रचनाएं मैंने पहले शेयर नहीं की हैं।

लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय मुकुट बिहारी सरोज जी का यह गीत–

मेरा कवि ऐसे लोगों का साथ नहीं देगा कभी
जिनके हाथ किया करते हैं लाशों का व्यापार

जिन्हें भोर के आराधन से बैर है
निजी स्वार्थ के आगे दुनिया ग़ैर है
जिनके हाथों में चाँदी के जाम हैं
जिनके जरख़रीद सारे आराम हैं
जो बगिया को बारूदी बरसात दें
जो जीवन का नहीं, मरण का साथ दें
पी जाते हैं, जो किरणों की लाज को
दफ़नाते हैं, जो श्रम की आवाज़ को

जिन्हें आदमी के जीने भर से है ऐसी दुश्मनी
जैसे पावस की आँखों को पूनम का शृंगार

जिन्हें अगर प्यारी हैं तो केवल कंचनी तिजोरियाँ
जिनमें बन्दी है शिवजी के गंगाजल का प्यार
जिन्हें नहीं मालूम कि जन-बल के अधर,
जितना पीते ज़हर बने उतने अमर
ऐसी कुछ तासीर मिली है प्यार को,
फूल बना देती है हर तलवार को
जिन्हें गवारा नहीं कि दीप जला करें
सपने आँखों से हर रोज़ मिला करें
थामे बैठे हैं जो आँचल रात का
जिन्हें बहुत भय है सुख भरे प्रभात का
जिन्हें चमन के सुमन चाहिए बिकने सरे बाज़ार
जिन्हें चाहिए कलियों की तकदीरों का अधिकार

जिन्हें नहीं मालूम कि दुनिया का शोषित इंसान अब
कण – कण के घर बाँटेगा सुख सपनों का त्योहार !


(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)

आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********

2 responses to “मेरा कवि ऐसे लोगों का!”

  1. नमस्कार 🙏🏻

    Liked by 1 person

    1. नमस्कार जी

      Like

Leave a reply to samaysakshi Cancel reply