आज मैं हिंदी के वरिष्ठ नवगीत कवि श्री बुद्धिनाथ मिश्र जी की एक रचना शेयर कर रहा हूँ।
मिश्र जी की बहुत सी रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं।
लीजिए आज प्रस्तुत है श्री बुद्धिनाथ मिश्र जी का यह नवगीत–

सड़क किनारे, बित्ते भर का
टूटा-फूटा खड़ा शिवाला
उसमें कैसे करें गुज़ारा
देवों के, असुरों के बाबा !
मुकुट नहीं है, बाबा के सिर
काँटेदार धतूरे के फल
या रग्घू के गले बताशे
या फिर राघव के नीलोत्पल ।
सड़क किनारे छत्रक जैसा
बेढंगा-सा उगा शिवाला
जहाँ पालते पशु आवारा
मनुजों के, दनुजों के बाबा !
पेट्रो के इस युग में उनके
गंगाजल की माँग नहीं है
इसीलिए बाबा के घर में
देखो भूजी भाँग नहीं है ।
सड़क किनारे नित असँख्य
सन्तानों के संग
सोता है बूढ़ा बेचारा
जीवों-मरजीवों के बाबा !
पाट-पटोरा, सोना-चाँदी
जो भरते हैं औरों के घर
वे देवों के देव स्वयं
रहते मसान में, बने दिगम्बर ।
सड़क किनारे, बड़े जतन से
विश्वासों पर टिका शिवाला
जहाँ आज डाले हैं डेरा
नंगो के, चंगों के बाबा !
(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a reply to Nageshwar singh Cancel reply