आज एक बार फिर मैं देश के वरिष्ठ और श्रेष्ठ गीत कवि श्री बुद्धिनाथ मिश्र जी का एक नवगीत शेयर कर रहा हूँ|
मिश्र जी की अनेक रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं|
लीजिए आज प्रस्तुत है श्री बुद्धिनाथ मिश्र जी की यह कविता –

बँसबिट्टी में कोयल बोले
महुआ डाल महोखा
आया कहाँ बसन्त इधर है
तुम्हें हुआ है धोखा।।
किंशुक से मंदार वृक्ष की
अनबन है पुशतैनी
दोनों लहूलुहान हो रहे
ऎसी पढ़ी रमैनी
बिना फिटकरी-हर्रे के ही
रंग हो गया चोखा।
आये घोष बड़े व्यापारी
नदी बनेगी दासी
एक-एक कर बिक जाएगी
अपनी मथुरा-काशी
बेच रहा इतिहास इन दिनों
यह बाज़ार अनोखा।
नया काबुलीवाला आया
सोनित तक खींचेगा
पानी में तेजाब घोलकर
पौधों को सींचेगा
झाड़-फूँक सब ले जाएगा
आन गाँव का सोखा।
जब से लिपिक बने मनसिज
भूले सरसिज की बोली
मुँह पर कालिख पोत
हमारे राजा खेलें होली
मुजरा लोगे कब तक भैया
उजड़ा रामझरोखा।
(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a reply to Nageshwar singh Cancel reply