फागुन!  

आज एक बार फिर मैं हिन्दी के श्रेष्ठ कवि स्वर्गीय बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’ जी  की एक कविता शेयर कर रहा हूँ|

इनकी कुछ रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं|

लीजिए आज प्रस्तुत हैं स्वर्गीय बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’ जी का यह नवगीत –

अरे ओ निरगुन फागुन मास!
मेरे कारागृह के शून्य अजिर में मत कर वास,
अरे ओ निरगुन फागुन मास!

यहाँ राग रस-रंग कहाँ है?
झांझ न मदिर मृदंग यहाँ है,
अरे चतुर्दिक फैल रही यह
मौन भावना जहाँ-तहाँ है।
इस कुदेश में मत आ तू रस-वश हँसता सोल्लास,
अरे ओ भोले फागुन मास!

कोल्हू में जीवन के कण-कण,
तैल-तैल हो जाते क्षण-क्षण।
प्रतिदिन चक्की के धर्मट में-
पिस जाता गायन का निक्वण,
फाग सुहाग भरी होली का यहाँ कहाँ रस-रास?
अरे ओ, मुखरित फागुन मास!

रामबांस की कठिन गांस में,
मूँज-वान की प्रखर फांस में,
अटकी हैं जीवन की घड़ियाँ,
यहाँ परिश्रम-रुद्ध सांस में।
यहाँ न फैला तू वह अपना लाल गुलाल-विलास,
अरे, अरुणारे फागुन मास!

छाई जंज़ीरों की झन-झन,
डंडा-बेड़ी की यह धन-धन,
गर्रे का अर्राटा फैला,
यहाँ कहाँ पनघट की खन-खन?
कैसे तुझको यहाँ मिलेगा होली का आभास,
अरे, हरियारे फागुन मास!

यह निर्बंध भावना ही की,
चपल तरंगें अपने जी की,
इन तालों-जंगलों के भीतर-
घुँट-घुँट सतत हो गईं फीकी,
अब तू क्यों मदमाता तांडव करता, रे, सायास?
अरे, मतवाले फागुन मास?

(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)

आज के लिए इतना ही,

नमस्कार| 

                                   ********   

2 responses to “फागुन!  ”

  1. नमस्कार 🙏🏻

    Liked by 1 person

    1. नमस्कार जी

      Like

Leave a reply to samaysakshi Cancel reply