मरण-त्योहार!

आज एक बार फिर मैं हिन्दी साहित्य जगत में गीतों  के राजकुंवर के नाम से प्रसिद्ध रहे और हिन्दी फिल्मों को कुछ अमर गीत देने वाले प्रसिद्ध कवि स्वर्गीय गोपालदास नीरज जी का एक गीत शेयर कर रहा हूँ|

नीरज जी की बहुत सी रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं|

लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय गोपालदास नीरज जी का यह गीत –

पथिक! ठहरने का न ठौर जग, खुले पड़े सब द्वार
और डोलियों का घर-घर पर लगा हुआ बाज़ार
जन्म है यहाँ मरण-त्योहार..

देख! धरा की नग्न लाश पर नीलाकाश खड़ा है
सागर की शीतल छाती में ज्वालामुखी जड़ा है
सूर्य उठाए हुए चाँद की अर्थी निज कंधों पर
और कली के सम्मुख उपवन का कंकाल पड़ा है
खा-खाकर निज आयु जी रही जीवन की वैदेही
रे! विष पीकर नहीं, अमृत पीकर मरता संसार
जन्म है यहाँ मरण-त्योहार..

आँजे हुए नींद का काजल सब अँखियाँ कजरारी
आलिंगन कर रहीं मृत्यु का बाहें प्यारी-२
कोई कहीं रहे पर सबकी मंजिल एक यहाँ पर
रे! मरघट की ओर मुड़ी हैं राहें जग की सारी
एक दिवस आती है सबके जीवन में मजबूरी
और एक दिन मिट्टी सबका करती है श्रृंगार
जीवन है यहाँ मरण-त्योहार..

काल-तिमिर के नागपाश में बन्दी किरन-परी है
और फ़ूल के नन्हे से दिल पर चट्टान धरी है
घिरी आग की लाल घटाएँ तरु-२ पर उपवन के
पात-पात पर अंगारों की धूप-छाँह छितरी है
नीड़-नीड़ पर वज्र-बिजलियों की आँधी मँडराती
तृण-तृण में करवटें ले रहा मरूस्थल का पतझार
जन्म है यहाँ मरण-त्योहार..

लिए गोद में नाश, मर रही ई कर यहाँ अमरता
घृणित चिता की राख छिपाए जग भर की सुन्दरता
दबा लकड़ियों के नीचे पुरूषार्थ पार्थ का सारा
अरे! कृष्ण पर क्षुद्र बधिक का तीर व्यंग्य सा करता
हाय! राम का शव सरयू में नंगा तैर रहा है
सीता का सिन्दूर अवध में करता हाहाकार
जन्म है यहाँ मरण-त्योहार..

लगा हुआ हर एक यहाँ जाने की तैयारी में
भरी हुई हर गैल, चल रहे पर सब लाचारी में
एक-एक कर होती जाती खाली सभी सरायें
एक-एक कर बिछुड़ रहे सब मीत उमर बारी में
और कह रही रो-रो कर हर सूनी सेज अटारी
सदियों का सामान किया क्यों रहना था दिन चार?
जन्म है यहाँ मरण-त्योहार..

(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)

आज के लिए इतना ही,

नमस्कार| 

                            ********

2 responses to “मरण-त्योहार!”

  1. नमस्कार 🙏🏻

    Liked by 1 person

    1. नमस्कार जी

      Like

Leave a reply to Nageshwar singh Cancel reply