आज एक बार फिर से मैं, हिन्दी के श्रेष्ठ रचनाकार अज्ञेय जी द्वारा संपादित प्रमुख काव्य संकलन ‘तारसप्तक’ में भी शामिल कवि स्वर्गीय प्रभाकर माचवे जी की एक रचना शेयर कर रहा हूँ|
इनकी कुछ रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं|
लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय प्रभाकर माचवे जी की यह कविता –

मालव की संध्याएँ
मेघल अवसाद-लदी !
कोमल-मधु-याद बँधी —
सजल, शीत, बह बयार।
मन का सब व्यथा-भार
बह चले निराधार
निराकार…
मन में सुधि उतर चली ।
दूर-दूर की लहरी
व्यापक चली रोम-रोम ।
आनत काली बदली
ज्यों दाहक चैत में भी
नाप रही पूर्व व्योम —
‘होम, स्वीट होम’ !
मैं खींच रहा हूँ आज अकाज लकीरें
आ भर दे उनमें रंग-रूप तू पी रे !
मैं तालहीन स्वरहीन छेड़ता वंशी,
तू भर दे उसमें नाद-माधुरी धीरे !
कुछ रिक्त हो चली दुनिया मेरे मन-सी।
कुछ रिक्त हो चली जगती इस जीवन-सी
तुम निज आर्द्रा घिर-घर कर क्षण-भर छा दो —
सन्तुष्ट हो चले हिय की प्यासी हंसी ।
तुम अलस-भाव से प्राण, मलार कँपा दो
जो बरस पड़े सहसा याँ सावन-भादों,
यों सरस हो उठे अवनि-दिशा-घर-अम्बर
हो जाएँ एक सब बिछुड़ी तन-मनसा दो !
आपाट लगे… हो गई निहाल प्रतीची
उस क्षितिज-कोर तक गीली गुलाल सींची
किसी प्रतीक्षिता ने हेमल-रेखा खींची।
निज बिथा सघन, घन छोरहीन तू कह ले
करव-पंखी, किरमिजी, असित मटमैले
यक्ष के विधुर उच्छ्वास गगन तक फैले।
बदली-गुंठन में विस्तृत वन-गिरि आवृत
घन नील लेख से क्षितिज रेख भी संवृत
अग-जग में विश्रुत मात्र निदारुण निभृत।
गोधूलि मेघमय, सुधा-करुण यह वेला
घर विहग लौटते, तिमिर उरग भी फैला
जा रहा पान्थ अश्रांत अशांत अकेला।
(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a reply to samaysakshi Cancel reply