भारतीय संगीत अनुभव संग्रहालय!

मैंने अपनी भ्रमण से संबंधित पोस्ट्स में अन्य स्थानों के अलावा कुछ संग्रहालयों को भी कवर किया है| अधिकतर संग्रहालय हमारे अतीत के विवरणों की, राजा-महाराजाओं के शासन काल की जानकारी देते हैं, जिनमें ललित कलाओं, परंपराओं आदि की भी जानकारी मिलती है, लेकिन युद्धों और युद्ध के हथियारों और विभिन्न सिक्कों आदि की जानकारी अधिक मिलती है|

मैंने मानव संग्रहालय जैसे कुछ स्थानों को भी कवर किया है, जिसमें मानव सभ्यता के विकास के संबंध में उपयोगी जानकारी मिलती है| ऐसा एक संग्रहालय भोपाल में है और एक शायद हैदराबाद में भी है| मुझे याद आता है कि लंदन के मैडम तुसाद म्यूजियम पर भी लिखने का अवसर मुझे मिला है, जिसमें विश्व में विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त करने वाले लोगों की आदमकद मूर्तियाँ लगाई गई हैं, जिनमें अनेक भारतीय भी शामिल हैं और अभी मालूम हुआ है कि बाबा रामदेव जी की मूर्ति भी वहाँ लगाई गई है|

आज मैं इस क्रम में बंगलौर के जे पी नगर में स्थित ‘इंडियन म्यूज़िक एक्सपीरिएन्स म्यूज़ियम’ का उल्लेख करना चाहूँगा, जहां मुझे पिछले सप्ताह जाने का अवसर मिला| इस संग्रहालय में संगीत से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है और जो लोग संगीत को गंभीरता पूर्वक लेते हैं, वे संगीत की सभी विधाओं, प्रकारों- जिनमें शास्त्रीय संगीत से लेकर सुगम संगीत, ठुमरी-खयाल, ग़ज़ल, फिल्म संगीत जैसे भारतीय प्रकारों के अलावा विश्व में पनपे लगभग सभी प्रकारों, आंदोलनों पॉप, जैज़ आदि-आदि सभी कुछ, वाद्य यंत्रों, संगीत से जुड़ें सभी व्यक्तित्वों- संगीतकार, गायकों आदि के बारे में उपयोगी जानकारी मिलती है|

इस संग्रहालय में जहां चित्रों के माध्यम से फिल्मों और संगीत से जुड़े महान व्यक्तित्वों के दर्शन का मौका मिलता है, वहीं गायन के कुछ अत्यंत नायाब नमूनों को सुनने का भी अवसर मिलता है|

यहाँ मुझ जैसे संगीत के सामान्य जानकार को तो आनंद आता ही है, जो लोग गंभीरतापूर्वक संगीत के बारे में जानना चाहते हैं उनके लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण ठिकाना है और वे यहाँ काफी कुछ सीख सकते हैं|    


आज के लिए इतना ही,

नमस्कार

                                                   *********

2 responses to “भारतीय संगीत अनुभव संग्रहालय!”

  1. नमस्कार 🙏🏻

    Liked by 1 person

    1. नमस्कार जी

      Like

Leave a reply to samaysakshi Cancel reply