सभी को 75 वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई|
आज एक बार फिर से मैं हिन्दी काव्य मंचों पर तथा हिन्दी फिल्मों में अपने गीतों के माध्यम से अनूठी पहचान बने स्वर्गीय गोपाल दास नीरज जी का एक गीत शेयर कर रहा हूँ|
नीरज जी की बहुत सी रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं|
लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय गोपाल दास नीरज जी का यह गीत –

जी उठे शायद शलभ इस आस में
रात भर रो रो, दिया जलता रहा।
थक गया जब प्रार्थना का पुण्य, बल,
सो गयी जब साधना होकर विफल,
जब धरा ने भी नहीं धीरज दिया,
व्यंग जब आकाश ने हँसकर किया,
आग तब पानी बनाने के लिए-
रात भर रो रो, दिया जलता रहा।
जी उठे शायद शलभ इस आस में
रात भर रो रो, दिया जलता रहा।
बिजलियों का चीर पहने थी दिशा,
आँधियों के पर लगाये थी निशा,
पर्वतों की बाँह पकड़े था पवन,
सिन्धु को सिर पर उठाये था गगन,
सब रुके, पर प्रीति की अर्थी लिये,
आँसुओं का कारवाँ चलता रहा।
जी उठे शायद शलभ इस आस में
रात भर रो रो, दिया जलता रहा।
काँपता तम, थरथराती लौ रही,
आग अपनी भी न जाती थी सही,
लग रहा था कल्प-सा हर एक पल
बन गयी थीं सिसकियाँ साँसे विकल,
पर न जाने क्यों उमर की डोर में
प्राण बँध तिल तिल सदा गलता रहा ?
जी उठे शायद शलभ इस आस में
रात भर रो रो, दिया जलता रहा।
सो मरण की नींद निशि फिर फिर जगी,
शूल के शव पर कली फिर फिर उगी,
फूल मधुपों से बिछुड़कर भी खिला,
पंथ पंथी से भटककर भी चला
पर बिछुड़ कर एक क्षण को जन्म से
आयु का यौवन सदा ढलता रहा।
जी उठे शायद शलभ इस आस में
रात भर रो रो, दिया जलता रहा।
धूल का आधार हर उपवन लिये,
मृत्यु से श्रृंगार हर जीवन किये,
जो अमर है वह न धरती पर रहा,
मर्त्य का ही भार मिट्टी ने सहा,
प्रेम को अमरत्व देने को मगर,
आदमी खुद को सदा छलता रहा।
जी उठे शायद शलभ इस आस में
रात भर रो रो, दिया जलता रहा।
(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a reply to samaysakshi Cancel reply