वर्ष मास दिन याद नहीं हैं!

आज एक बार फिर से मैं, अपंने समय में हिन्दी काव्य मंचों पर धूम मचाने वाले स्वर्गीय बलबीर सिंह रंग जी का एक गीत शेयर कर रहा हूँ|

रंग जी की बहुत सी कविताएं मैंने पहले भी शेयर की हैं|

लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय बलबीर सिंह रंग जी का यह गीत –

वर्ष मास दिन याद नहीं हैं,
जिस दिन तुम धरती पर आईं;
माटी की सुबरन काया में,
ले कर पचरंगी परछाई।

वे दुर्दिन थे जब दुहिता का,
जन्म एक अभिशाप बना था;
पुरुष जन्य को प्रथा प्रकृति का,
पुण्योद्भव भी पाप बना था।

अधरों बीच ‘प्रवेश गीत’ था,
नयनों में था ‘साँझ सकारे’;
चौदह रतन उमर के ले कर,
जब तुम आई मेरे द्वारे।

रच-रच रूप तुम्हारा मैंने,
चित्र उतारा अन्तर पट पर;
कितनी बार मिले क्या जानें,
हम-तुम दोनों गंगा तट पर।

सपनों की धरती पर मैंने
नभ से ऊँचे महल बनाए;
हँसते-हँसते पतझर काटे,
रो-रो बीस बसन्त मनाए।

उर में आग लिए तुम आई,
मैं था लिए सिंधु की थाती;
तुमने आ कर और बढ़ा दी,
मेरे स्नेह दीप की बाती।

मरुथल में तुमको ले आया,
सुमुखि तुम्हारा भाग्य हठीला;
कहाँ सुभग ‘सज्जनपुर’ नगरी,
और कहाँ ये ‘ग्राम कटीला’?

तुमने निष्ठा सहित जपी है,
मेरे जीवन की गायत्री;
सत्यवान की बात न मुझमें,
पर तुम सचमुच ही सावित्री।

करता रहूँ सदा तुम जैसी,
जीवन संगिनि की पहुनाई;
देता रहे तुम्हारा साथी,
तुमको सौ-सौ जनम बधाई।

 (आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)

आज के लिए इतना ही,

नमस्कार|                                         

                                             ********  

5 responses to “वर्ष मास दिन याद नहीं हैं!”

  1. नज़र का सब खेल है, पारखी नज़र को भा गई जो रचना तो समझो उसे फिर लिखा गया है।

    Liked by 1 person

    1. हार्दिक धन्यवाद जी।

      Like

  2. christinenovalarue avatar
    christinenovalarue

    🧡

    Liked by 1 person

  3. नमस्कार 🙏🏻

    Liked by 1 person

    1. नमस्कार जी

      Like

Leave a reply to christinenovalarue Cancel reply