वह आया!

आज एक बार फिर मैं प्रसिद्ध राष्ट्रीय कवि स्वर्गीय सोहनलाल द्विवेदी जी की एक कविता शेयर कर रहा हूँ|

द्विवेदी जी की कुछ रचनाएँ मैं पहले भी शेयर कर चुका हूँ|

लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय सोहनलाल द्विवेदी जी की, गांधी जी के विराट व्यक्तित्व पर केंद्रित यह कविता –

मन में नूतन बल सँवारता
जीवन के संशय भय हरता,
वंदनीय बापू वह आया
कोटि कोटि चरणों को धरता;
धरणी मग होता है डगमग
जब चलता यह धीर तपस्वी,
गगन मगन होकर गाता है
गाता जो भी राग मनस्वी;
पग पर पग धर-धर चलते हैं
कोटि कोटि योधा सेनानी,
विनत माथ, उन्नत मस्तक ले,
कर निःशस्त्र आत्म-अभिमानी!
युग-युग का घनतम फटता है
नव प्रकाश प्राणों में भरता,
वंदनीय बापू वह आया
कोटि कोटि चरणों को धरता;
निद्रित भारत, जगा आज है
यह किसका पावन प्रभाव है?
किसके करुणांचल के नीचे
निर्भयता का बढ़ा भाव है?
नवचेतन की श्वास ले रहे
हम भी आज जी उठे जग में,
उठा लगाया हृदय-कंठ से
किसने पददलितों को मग में?
व्यथित राष्ट्र पर आँचल करता
जीवन के नव-रस-कन ढरता,
वंदनीय बापू वह आया
कोटि कोटि चरणों को धरता!
यह किसका उज्ज्वल प्रकाश है
नवजीवन जन जन में छाया,
सत्य जगा, करुणा उठ बैठी
सिमटी मायावी की माया,
‘वैभव’ से ‘विराग’ उठ बोला–
‘चलो बढ़ो पावन चरणों में,
मानव-जीवन सफल बना लो
चढ़ पूजा के उपकरणों में।’
जननी की कड़ियाँ तड़काता
स्वतंत्रता के नव स्वर भरता,
वंदनीय बापू वह आया
कोटि कोटि चरणों को धरता!

 (आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)

आज के लिए इतना ही,

नमस्कार|                                         

                                      ********  

5 responses to “वह आया!”

  1. Monsieur Ghandi, a great and wise man, who taught the world important lessons of life.

    Liked by 3 people

    1. True, thanks a lot.

      Liked by 1 person

  2. अतिसुन्दर ,,, नमस्कार 🙏🏻

    Liked by 2 people

    1. धन्यवाद जी, नमस्कार

      Like

Leave a comment