मैं यह बताना चाहूँगा कि पिछले सप्ताह गोवा में ही पालोलिम बीच जाने का प्रोग्राम तीसरी बार बन गया| बड़ा बेटा लंदन से आया हुआ है सो उसके लिए कम समय में भारत के अधिक सुंदर और महत्वपूर्ण स्थानों को फिर से देख लेना महत्वपूर्ण है|

‘पालोलिम बीच’ हम पहले भी दो बार उसके साथ जा चुके हैं और मैंने उसका अनुभव भी पहले शेयर किया था| इस बार भी हम वहाँ ‘सिआरन रिज़ॉर्ट’ में रुके थे, पहली बार किसी और रिसॉर्ट में थे| दो दिन -दो रात के इस प्रवास में हमने फिर से समुद्र के सौन्दर्य के अंतरंग अनुभव का आनंद लिया| ‘हनीमून बीच’, ‘बटरफ्लाई बीच’ तो हम पहले ही देख चुके थे और फेवरेट रेस्टोरेंट्स में भोजन और कुछ खरीदारी का आनंद लिया था|

इस बार नई बात यह थी कि हम वहाँ से लगभग 20-25 किलोमीटर दूर ‘कोला बीच’ देखने भी गए| यह बीच वास्तव में बहुत सुंदर है और यहाँ बैक वाटर्स में छोटी नाव स्वयं चलाने का अलग आनंद है क्योंकि वहाँ पानी ज्यादा गहरा और गतिशील नहीं है| इस बीच पर पहुँचने का रास्ता काफी कठिन है, स्वयं ड्राइव करके बीच तक जाना बहुत कठिन है| मैं जीप में बैठा हुआ यह बोल रहा था कि गवर्मेंट को रास्ते की हालत सुधारनी चाहिए, इस पर ड्राइवर बोला कि अगर रास्ता आसान हो जाएगा तो लोग पिकनिक कर-करके इस बीच को भी खराब कर देंगे| खैर पालोलिम बीच की इस तीसरी यात्रा में कोला बीच का अनुभव भी जुड़ गया|

पालोलिम बीच भी साउथ गोवा की अत्यधिक सुंदर और लोकप्रिय बीच है| वहाँ यात्रा का अनुभव मैं पहले भी शेयर कर चुका हूँ| इन समुद्र तटों के कुछ चित्र शेयर कर रहा हूँ|
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
******
Leave a comment