प्रत्यावर्तन!

आज एक बार फिर मैं देश के एक श्रेष्ठ कवि और वरिष्ठ नवगीतकार श्री बुदधिनाथ मिश्र जी का एक नवगीत शेयर कर रहा हूँ|

श्री मिश्र जी की बहुत सी रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं|

लीजिए आज प्रस्तुत है श्री बुदधिनाथ मिश्र जी का यह नवगीत –

सिर्फ़ सोने से सजाई देह मैंने आज तक
आज मुझको फूल-पत्तों से सजाने दो इसे ।

एक तापस राम था मन–देख सोने का हिरन
जंगलों भटका बहुत,यह भूल थी या सादगी !
वह छलावा था खुशी का, या कि था झूठा अहं
पत्थरों इतनी लदी, दम तोड़ बैठी ज़िन्दगी

बाँध लेगी मुट्ठियों में चाँद-तारे उम्र यह
बस हथेली पर जरा मेंहदी रचाने दो इसे।

ज़िन्दगी को चाहिए क्या? धूप जल मिट्टी हवा
आज तक बेचा न वह मालिक जिसे बाज़ार में
मोल जिनका है अधिक, वे तो ज़रूरी भी नहीं
साँस की पूँजी गँवाई व्यर्थ के अधिकार में

यह शहर आदी नहीं है गोलियों की नींद का
आज फिर से लोरियाँ गाकर सुलाने दो इसे ।

याद आई हैं मुझे पीले कनेरों की सुबह
आँसुओं का अर्थ भूली शाम के कुहरों तले
तोड़ लेने दो हँसी के दूधवाले वृक्ष से
छंद के पत्ते हरे, फल प्रार्थनाओं के फले


ज़िन्दगी कब तक रहेगी झील-सी ठहरी हुई
इन मुखौटों से हँसा झरना बनाने दो इसे ।

 (आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)

आज के लिए इतना ही,

नमस्कार|                                         

                               ********  

3 responses to “प्रत्यावर्तन!”

  1. christinenovalarue avatar
    christinenovalarue

    🩷

    Like

Leave a reply to christinenovalarue Cancel reply