‘पालोलिम बीच’, नए साल का जश्न!

वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या यात्रा का विवरण मैंने शेयर किया था और इत्तफाक से इस यात्रा से लौटने के दो दिन बाद ही गोवा में ही पालोलिम बीच जाने का प्रोग्राम बन गया| बड़ा बेटा लंदन से आया हुआ है सो उसके लिए कम समय में भारत के अधिक सुंदर और महत्वपूर्ण स्थानों को फिर से देख लेना महत्वपूर्ण है| ‘पालोलिम बीच’ हम पहले भी उसके साथ जा चुके हैं और मैंने उसका अनुभव भी पहले शेयर किया था| इस बार हम वहाँ ‘सिआरन रिज़ॉर्ट’ में रुके थे, पिछली बार किसी और में थे| तीन दिन -दो रात के इस प्रवास में हमने फिर से समुद्र के सौन्दर्य के अंतरंग अनुभव, ‘हनीमून बीच’, ‘बटरफ्लाई बीच’, फेवरेट रेस्टोरेंट्स में भोजन और कुछ खरीदारी का आनंद लिया|


पालोलिम बीच साउथ गोवा की अत्यधिक सुंदर और लोकप्रिय बीच है| वहाँ यात्रा का अनुभव मैं पहले भी शेयर कर चुका हूँ इसलिए अधिक विस्तार से न लिखकर कुछ चित्र शेयर करूंगा|

आज नए वर्ष के बारे में भी एक अनुभव शेयर करूंगा| बच्चे लोगों के साथ हम अक्सर बाहर खाना खाने जाते रहते हैं, विशेष रूप से जब बच्चे बाहर से आते हैं| गोवा के लोकप्रिय रेस्टोरेंट ‘टोमैटोज़’ में हम पहले भी कई बार खाना खाने गए, लेकिन इस बार जब डिनर करने गए, वह कल 30 दिसंबर की रात थी, नए साल के आरंभ से जुड़ी खुमारी जनता पर पूरी तरह छाई थी, रेस्टोरेंट पूरी तरह भरा हुआ था और वहाँ जनता ने जी भरकर डांस किया, जबकि बाहर से बुलाई गई नर्तकियों द्वारा भी कुछ मदहोश करने वाले नृत्य प्रस्तुत किए गए|

अब तक हमारा नववर्ष की पूर्व संध्या का अनुभव ऐसा ही रहा है कि हम घर पर बैठकर टेलीविज़न पर कुछ कार्यक्रम, कवरेज आदि देखते रहे हैं| यह पहली बार था कि गोवा में आने के बाद हमने जनता के बीच शामिल होकर, मस्ती भरा नववर्ष आयोजन देखा| निर्मल वर्मा जी ने कहीं ‘कीर्तन’ की तल्लीनता, उसमें डूबने के संबंध में बहुत सुंदर वर्णन लिखा था, गोवा की मस्त रहने वाली जनता ने उल्लास प्रदर्शन का ऐसा अनुभव कराया, वैसे ऐसा शायद सभी आधुनिक शहरों में होता है, जहां लगता है कि लोगों के पैरों में और शरीर में नृत्य भरा हुआ है, जो तब तक चलता जाएगा, जब थिरकने के लिए संगीत बजता रहेगा|

भोजन तो अपनी जगह है, खाना-पीना सब, वह भी अच्छा था, लेकिन लोगों की सम्मिलित मस्ती का यह आयोजन बहुत सुंदर था| रिटायर होने से पहले एनटीपीसी के क्लबों में भी सीमित भागीदारी के साथ ऐसे आयोजन होते थे, लेकिन लंबे अंतराल के बाद, ऐसी पब्लिक के बीच जो आपस में एक-दूसरे से परिचित नहीं थे, उनके द्वारा इतनी मस्ती से आनंद उत्सव में भाग लिए जाने का यह अनुभव मेरे लिए अनूठा था| एक बुजुर्ग थे जो अपनी थिरकनों से लोगों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे थे|

आप सभी को नववर्ष 2023 की हार्दिक शुभकामनाएं |

आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
******

2 responses to “‘पालोलिम बीच’, नए साल का जश्न!”

    1. shri.krishna.sharma avatar
      shri.krishna.sharma

      Very Happy New year ji

      Like

Leave a Reply