आज एक बार फिर से मैं अपने अग्रज और मेरे लिए गुरुतुल्य रहे श्रेष्ठ नवगीत एवं ग़ज़ल लेखक स्वर्गीय डॉक्टर कुँवर बेचैन जी की एक खूबसूरत ग़ज़ल प्रस्तुत कर रहा हूँ|
लीजिए प्रस्तुत है डॉक्टर कुँवर बेचैन जी की यह ग़ज़ल –

दो दिलों के दरमियाँ दीवार-सा अंतर न फेंक,
चहचहाती बुलबुलों पर विषबुझे खंजर न फेंक|
हो सके तो चल किसी की आरजू के साथ-साथ,
मुस्कराती ज़िंदगी पर मौत का मंतर न फेंक|
जो धरा से कर रही हैं कम गगन का फासला,
उन उड़ानों पर अंधेरी आँधियों का डर न फेंक|
फेंकने ही हैं अगर पत्थर तो पानी पर उछाल,
तैरती मछली, मचलती नाव पर पत्थर न फेंक|
यह तेरी काँवर नहीं कर्तव्य का अहसास है,
अपने कंधे से श्रवण! संबंध का काँवर न फेंक|
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
******
Leave a reply to seemakaushikmukt Cancel reply