शांति दूत पाकिस्तान!

पाकिस्तान में हुई महान शांति वार्ता से प्रेरित होकर कुछ लिख दिया, प्रस्तुत है-

भटके काफी दिन पर आखिर
मिल ही गया हमें यह ज्ञान
शांति दूत है पाकिस्तान।

इसके ही मुनीर आसिफ ने
किए शांति के कितने काम,
भेजे खूब शांति सैनिक पर
मिला उन्हें आतंकी नाम,

दुलराता आसिफ मुनीर को
गोदी लेकर ट्रंप महान।


शांति वार्ता के लिए उचित थी
केवल धरती पाकिस्तानी,
हमने ईर्ष्यावश कह डाला
जिसको आतंकी रजधानी,

युगों-युगों तक ऋणी रहेंगे
इसके अमरीका-ईरान।

बड़ी लगन से शांति मिशन में
लगे रहे चेहरे नूरानी
कैसे शांत रहे यह दुनिया
थी शरीफ को बात बतानी,

लेकिन समझ न पाई दुनिया
इस ऊंचाई का परिमाण।

कैसे ट्रंप सहेगा बोलो
कोई नेता उसके क़द का,
इसीलिए बौनों को सौंपा
कार्य सभी की आवभगत का,


किंतु करें क्या शीघ्र सभी ग्रह
लौट गए वापस निज स्थान।


आज के लिए इतना ही,

धन्यवाद ।

*******

Leave a comment