घोड़े का दाना!

आज मैं हिंदी के श्रेष्ठ कवि स्वर्गीय केदारनाथ अग्रवाल जी की एक रचना शेयर कर रहा हूँ।

इनकी कुछ रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं।

लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय केदारनाथ अग्रवाल जी की यह कविता –

सेठ करोड़ीमल के घोड़े का नौकर है
भूरा आरख। –
बचई उसका जानी दुश्मन !

हाथ जोड़कर,
पाँव पकड़कर,
आँखों में आँसू झलकाकर,
भूख-भूख से व्याकुल होकर,
बदहवास लाचार हृदय से,
खाने को घोड़े का दाना
आध पाव ही बचई ने भूरा से माँगा ।

लेकिन उसने
बेचारे भूखे बचई को,
नहीं दिया घोड़े का दाना;
दुष्ट उसे धक्का ही देता गया घृणा से !

तब बचई भूरा से बोला :
‘पाँच सेर में आध पाव कम हो जाने से
घोड़ा नहीं मरेगा भूखा;
वैसे ही टमटम खींचेगा;
वैसे ही सरपट भागेगा;
आध पाव की कमी न मालिक भी जानेगा;
पाँच सेर में आध पाव तो यों ही, भूरा !
आसानी से घट जाता है;
कुछ धरती पर गिर जाता है;
तौल-ताल में कुछ कमता है;
कुछ घोड़ा ही, खाते-खाते,–
इधर उधर छिटका देता है ।

आध पाव में, भूरा भैया !
नहीं तुम्हारा स्वर्ग हरेगा
नहीं तुम्हारा धर्म मिटेगा;
धर्म नहीं दाने का भूखा ! –
स्वर्ग नहीं दाने का भूखा ! –
आध पाव मेरे खाने से
कोई नहीं अकाल पड़ेगा ।’

पर, भूरा ने,
अंगारे सी आँख निकाले,
गुस्से से मूँछें फटकारे,
काले नोकीले काँटों से,
बेचार बचई के कोमल दिल को
छलनी छलनी कर ही डाला ।
जहर बूँकता फिर भी बोला :
‘नौ सौ है घोड़े का दाम !-
तेरा – धेला नहीं छदाम ।
जा, चल हट मर दूर यहाँ से ।’

अपमानित अवहेलित होकर,
बुरी तरह से ज़ख़्मी होकर,
अब ग़रीब बचई ने बूझा :
पूँजीवादी के गुलाम भी
बड़े दुष्ट हैं; –
मानव को तो दाना देते नहीं एक भी,
घोड़े को दाना देते हैं पूरा;
मृत्यु माँगते हैं मनुष्य की,
पशु को जीवित रखकर !

(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)

आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********


4 responses to “घोड़े का दाना!”

  1. सुंदर रचना।

    Liked by 2 people

    1. हार्दिक धन्यवाद जी

      Liked by 1 person

  2. नमस्कार 🙏🏻

    Liked by 2 people

    1. नमस्कार जी

      Liked by 1 person

Leave a reply to samaysakshi Cancel reply