आज मैं श्रेष्ठ हिंदी कवि, कथाकार एवं उपन्यासकार श्री रामदरश मिश्र जी की एक रचना प्रस्तुत कर रहा हूँ।
मिश्र जी की बहुत सी रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं।
लीजिए आज प्रस्तुत है श्री रामदरश मिश्र जी की यह कविता –

1.
मंच पर उपस्थित एक लेखक के बारे में
दूसरे लेखक ने कहा-
ये महान लेखक हैं
इनकी यात्रा शिखर से शिखर तक होती है
मुझे याद आ गया
अपनी किशोरावस्था का एक प्रसंग
कुंभ नहाकर ट्रेन से लौट रहा था तो
रास्ते में सारनाथ पड़ा
मैंने साथ बैठे अपने पड़ोसी मास्टर जी से पूछा-
”ये जो दो बड़े-बड़े स्तंभ दिखाई दे रहे हैं
वे क्या हैं?“
”ये?“
उन्होंने कहा-
”अरे ये तो लोरिक की कुदान हैं
लोरिक इस खंभे से उस खंभे तक
कूदता था-
हाथ में दूध की बाल्टी लिए हुए“
उस समय मैं क्या कहता
बस पेड़ की एक ऊँची डाल से
दूसरी ऊँची डाल पर कूदता हुआ
बंदर याद आ गया
आज इस महान लेखक को देख रहा हूँ
तो लगता है लोरिक खड़ा है।
-1.11.2013
2.
प्रभु
आप सचमुच महान् लेखक हैं
शिखर से शिखर तक की यात्रा करते हैं
इसीलिए कभी-कभी काफी दिनों तक
चुप रहते हैं
यानी तैयारी करते रहते हैं
दूसरे शिखर पर जाने की
हम तो सामान्य लेखक हैं प्रभु
निरंतर चलते रहते हैं-
ज़मीन पर, खेतों में, घाटियों में, जंगलों में
कभी पहाड़ की टेढ़ी-मेढ़ी पथरीली पगडंडियों पर
रास्ते के नदी-नालों, पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों
और छोटे-छोटे घरों से बतियाते चलते हैं
तो कभी हम
पहाड़ की कुछ ऊँचाई तक पहुँच जाते हैं
कभी किसी पड़ाव पर ठहर जाते हैं
कभी किसी पटपर पर घूमने लगते हैं
हमारी चिंता यह नहीं होती कि
हम कितनी ऊँचाई तक पहुँचे
हमारी चिंता यह जानने की होती है कि
हम जहाँ तक चल सके हैं
उसकी दुनिया
हमारी अपनी बन सकी है न!
3.11.2013
(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a reply to Nageshwar singh Cancel reply