तेरी छवि!

आज मैं हिंदी के श्रेष्ठ कवि स्वर्गीय रामनरेश त्रिपाठी जी की एक कविता शेयर कर रहा हूँ।

त्रिपाठी जी की कुछ रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं।

लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय रामनरेश त्रिपाठी जी की यह कविता –


हे मेरे प्रभु! व्याप्त हो रही है तेरी छवि त्रिभुवन में।
तेरी ही छवि का विकास है कवि की वाणी में मन में॥

माता के नःस्वार्थ नेह में प्रेममयी की माया में।
बालक के कोमल अधरों पर मधुर हास्य की छाया में॥

पतिव्रता नारी के बल में वृद्धों के लोलुप मन में।
होनहार युवकों के निर्मल ब्रह्मचर्यमय यौवन में॥

तृण की लघुता में पर्वत की गर्व भरी गौरवता में।
तेरी ही छवि का विकास है रजनी की नीरवता में॥

ऊषा की चंचल समीर में खेतों में खलियानों में।
गाते हुए गीत सुख दुख के सरल स्वभाव किसानों में॥

श्रमी किंतु निर्धन मजूर की अति छोटी अभिलाषा में।
पति की बाट जोहती बैठी गरीबिनी की आशा में॥

भूख-प्यास से दलित दीन की मर्म-भेदिनी आहों में।
दुखियों के निराश आँसू में प्रेमीजन की राहों में॥

मुग्ध मोर के सरस नृत्य में कोकिल के पंचम स्वर में।
वन-पुष्पों के स्वाभिमान में कलियों के सुंदर घर में॥

निजता की व्याकुलता में औ’ संध्या के संकीर्तन में।
तेरी ही छवि का विकास है सतत परंहित-चिंतन में॥

खोल चंद्र की खिड़की जब तू स्वर्ग-सदन से हँसता है।
पृथ्वी पर नवीन जीवन का नया विकास विकसता है॥

जी में आता है किरनों में घुलकर केवल पल भर में।
बरस पड़ूँ मैं इस पृथ्वी पर विस्तृत शोभा-सागर में।


(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)

आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|

********

2 responses to “तेरी छवि!”

  1. 🕉️ नमः शिवाय 🕉️ नमस्कार 🙏🏻

    Liked by 2 people

    1. नमस्कार जी

      Liked by 1 person

Leave a reply to Nageshwar singh Cancel reply