आज मैं श्रेष्ठ हिंदी कवि स्वर्गीय शेरजंग गर्ग जी का एक गीत शेयर कर रहा हूँ।
इनकी कुछ रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं।
लीजिए आज प्रस्तुत है श्री स्वर्गीय शेरजंग गर्ग जी का यह गीत –

दुख की अधीर बदली छितरा गई गगन से ।
तुम मिल गए किरण से, हम खिल गए सुमन से ।
ये प्राण बेसहारे
संकेत पर तुम्हारे
कुछ कह गए अधर से, कुछ कह गए नयन से ।
तुम मिल गए किरण से, हम खिल गए सुमन से ।
मृदु प्यार में युगों से
पाले हुए भरोसे
फिर होड़ ले रहे हैं हर सृष्टि के सृजन से ।
तुम मिल गए किरण से, हम खिल गए सुमन से ।
हर सांस का नयापन
विश्वास का नयापन
कहता महक-महक जा बहके हुए पवन से ।
तुम मिल गए किरण से, हम खिल गए सुमन से ।
कुछ इस तरह दशा है
छाया हुआ नशा है
ज्यों मुक्ति मिल गई हो नवसत्य को सपन से ।
तुम मिल गए किरण से, हम खिल गए सुमन से ।
(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a reply to Nageshwar singh Cancel reply