आज मैं हिंदी नवगीत के पुरोधा स्वर्गीय शंभुनाथ सिंह जी का एक गीत शेयर कर रहा हूँ।
इनकी अनेक रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं।
लीजिए आज प्रस्तुत है श्री स्वर्गीय शंभुनाथ सिंह जी का यह गीत –

बुझी न दीप की शिखा अनन्त में समा गई।
अमंद ज्योति प्राण-प्राण बीच जगमगा गई!
अथाह स्नेह के प्रवाह में पली,
अमर्त्य वर्त्तिका नहीं गई छली,
असंख्य दीप एक दीप बन गया
कि खिल उठी प्रकाश की कली-कली
घनांधकार जल गया स्वयं नहीं हिली शिखा,
प्रकाश-धार में तमस भरी धरा नहा गई!
अकम्प ज्योति-स्तम्भ वह पुरूष बना,
कि जड़ प्रकृति बनी विकास-चेतना,
न सत्य-बीज मृत्तिका छिपा सकी
उगी, बढ़ी, फली अरूप कल्पना,
न बंध सका असत्-प्रमाद-पाश में प्रकाश-तन
विमुक्त सत्-प्रभा दिगन्त बीच मुस्कुरा गई!
मरा न कामरूप कवि बना अमर,
कि कोटि-कोटि कण्ठ में हुआ मुखर
मिटा न, काल का प्रवाह बन घिरा
असीम अन्तरिक्ष में अनन्त स्वर,
न मंत्र-स्वर-अमृत संभाल मृण्मयी धरा सकी,
त्रिकाल-रागिनी अनन्त सृष्टि बीच छा गई!
(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a reply to Nageshwar singh Cancel reply