इस बार का लंदन!

एक बार फिर मैं लंदन की यात्रा पर हूँ, यह मेरा तीसरा लंदन प्रवास है, एक माह से अधिक समय के लिए| आने पर लगता है देख लिया जाए कि सब चीजें अपनी जगह पर ही हैं न, कैनेरी वार्फ़ के स्टेशन | पिछली बार तक दो स्टेशन थे यहाँ पास में, एक जुबली लाइन और एक डीएलआर लाइन, अब एक और लाइन चालू हो गई है विक्टोरिया लाइन| पहली दो बार हम हीथ्रो एयरपोर्ट पर उतरे थे, वहाँ से आने के लिए टैक्सी के अलावा एक ट्रेन बदलकर आने का विकल्प था, लेकिन अब विक्टोरिया लाइन वहाँ से सीधे यहाँ कैनेरी वार्फ़ लाने के लिए उपलब्ध है|

पहली दो बार हमें मुंबई या बंगलौर से फ्लाइट बदलकर आना पड़ा था, अब गोवा से ही डायरेक्ट लंदन की डेली फ्लाइट उपलब्ध है| यह फ्लाइट गोवा के डाबोलिम एयरपोर्ट से लंदन के ‘गेटविक’ एयरपोर्ट तक आती है|

लंदन पहुंचते ही मैंने यहाँ अपनी दैनिक सैर के रूट को दोहराया- जुबली लाइन पर कैनेरी वार्फ़ स्टेशन के पास बेटे के घर से कैनेरी वार्फ़ मुख्य स्थल, जहां छोटे यात्री शिप, Ferry आते हैं और सुंदर पिकनिक एवं सैर स्थल के रूप में इसे विकसित किया गया है| गोवा के मीरामर बीच रूट के स्थान पर अब यही मेरा सायं कालीन सैर का रूट है, वैसे भी गोवा में इन दिनों बारिश और उसके कारण हुई फिसलन के कारण भ्रमण करना काफी मुश्किल है|

यहाँ आने के बाद तीन दिन की अवधि में मैंने यहाँ आस पास के रूट की फिर से पड़ताल कर ली, कैनेरी वार्फ़ के मार्ग में पड़ने वाले आकर्षक शॉपिंग सेंटर, पार्क आदि के अलावा मैंने आसदा (ASDA) जनरल स्टोर भी देख लिया, जहां शॉपिंग संबंधी लगभग सभी आवश्यकताओं की पूर्ति के अलावा वह स्थान घूमने के लिए भी उपयुक्त है|

इस शॉपिंग स्टोर के पास ही हमने ‘ मडशूट  (Mudchute )  फार्म एंड गार्डन’ का भी भ्रमण किया जहां पेड़ पौधों की सुंदर वेरायटी के अलावा कुछ दुर्लभ वन्य जीव भी देखने को मिले|

खरीदारी के लिए हम लोग ‘साउथ हाल’ भी गए, जहां जाकर लगता है कि हम हिंदुस्तान में ही हैं, दुकानों पर भारतीय नाम और हर तरफ हिन्दुस्तानी लोग| यहाँ इस बार हमने दो नए हिन्दुस्तानी रेस्टोरेंट्स में भोजन, स्वल्पाहार आदि का आनंद लिया, जिनमें से एक था- ‘दिल्ली वाला’| इस स्थान के बारे में मैंने अपने पुरानी ब्लॉग पोस्ट में विस्तार से लिखा था, जिसका शीर्षक था ‘साउथ हाल- लंदन का लाजपत नगर’|

आगे भी मैं अपने लंदन प्रवास के संबंध में अनुभव साझा करने का प्रयास करूंगा|  

आज के लिए इतना ही,

नमस्कार|

                             ********      

Leave a comment