लोग!

आज मैं हिन्दी नवगीत के पुरोधा स्वर्गीय शंभुनाथ सिंह जी का एक नवगीत प्रस्तुत कर रहा हूँ|

उनकी कुछ रचनाएँ मैंने पहले भी शेयर की हैं|

लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय शंभुनाथ सिंह जी की यह रचना  –  

   सोनहँसी हँसते हैं लोग
        हँस-हँस कर डसते हैं लोग ।

रस की धारा झरती है
विष पिए हुए अधरों से,
बिंध जाती भोली आँखें
विषकन्या-सी नज़रों से ।

        नागफनी को बाहों में
        हँस-हँस कर कसते हैं लोग ।

जलते जंगल जैसे देश
और क़त्लगाह से नगर,
पाग़लख़ानों-सी बस्ती
चीरफाड़घर जैसे घर ।

        अपने ही बुने जाल में
        हँस-हँस कर फँसते हैं लोग ।

चुन दिए गए हैं जो लोग
नगरों की दीवारों में,
खोज रहे हैं अपने को
वे ताज़ा अख़बारों में ।

        भूतों के इन महलों में
        हँस-हँस कर बसते हैं लोग ।

भाग रहे हैं पानी की ओर
आगजनी में जलते से,
रौंद रहे हैं अपनों को
सोए-सोए चलते से ।

        भीड़ों के इस दलदल में
        हँस-हँस कर धँसते हैं लोग ।

वे, हम, तुम और ये सभी
लगते कितने प्यारे लोग,
पर कितने तीखे नाख़ून
रखते हैं ये सारे लोग ।

        अपनी ख़ूनी दाढ़ों में
        हँस-हँस कर ग्रसते हैं लोग ।

 (आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)

आज के लिए इतना ही,

नमस्कार|                                         

                            ********  

One response to “लोग!”

  1. christinenovalarue avatar
    christinenovalarue

    🧡

    Liked by 1 person

Leave a comment