वह देश कौन सा है!

आज फिर से एक पुराने युग की कविता, ऐसी कविता जिसका कुछ अंश मैंने अपनी प्रारंभिक कक्षाओं के पाठ्यक्रम में पढ़ा था| समय के साथ हमारा ज्ञान बढ़ता गया है, हमारे विचार अंतर्राष्ट्रीय होते गए हैं और हम या तो अति उदार या अति कट्टर होते गए हैं

राष्ट्र के प्रति श्रद्धा की जो पवित्र भावना स्वर्गीय राम नरेश त्रिपाठी जी की इस कविता में महसूस की जा सकती है, वह आज दुर्लभ है| एक तथ्य का उल्लेख और कर दूँ, एक प्रार्थना जो अक्सर गयी जाती है – ‘ही प्रभु आनंददाता, ज्ञान हमको दीजिए’, यह भी जिनकी रकना है, वे हैं आज के कवि स्वर्गीय राम नरेश त्रिपाठी जी |

लीजिए आज प्रस्तुत है, राष्ट्रकवि स्वर्गीय राम नरेश त्रिपाठी जी की यह कविता-


मन-मोहिनी प्रकृति की गोद में जो बसा है।
सुख-स्वर्ग-सा जहाँ है वह देश कौन-सा है?

जिसका चरण निरंतर रतनेश धो रहा है।
जिसका मुकुट हिमालय वह देश कौन-सा है?

नदियाँ जहाँ सुधा की धारा बहा रही हैं।
सींचा हुआ सलोना वह देश कौन-सा है?

जिसके बड़े रसीले फल, कंद, नाज, मेवे।
सब अंग में सजे हैं, वह देश कौन-सा है?

जिसमें सुगंध वाले सुंदर प्रसून प्यारे।
दिन रात हँस रहे है वह देश कौन-सा है?

मैदान, गिरि, वनों में हरियालियाँ लहकती।
आनंदमय जहाँ है वह देश कौन-सा है?


जिसकी अनंत धन से धरती भरी पड़ी है।
संसार का शिरोमणि वह देश कौन-सा है?

सब से प्रथम जगत में जो सभ्य था यशस्वी।
जगदीश का दुलारा वह देश कौन-सा है?

पृथ्वी-निवासियों को जिसने प्रथम जगाया।
शिक्षित किया सुधारा वह देश कौन-सा है?

जिसमें हुए अलौकिक तत्वज्ञ ब्रह्मज्ञानी।
गौतम, कपिल, पतंजलि, वह देश कौन-सा है?

छोड़ा स्वराज तृणवत आदेश से पिता के।
वह राम थे जहाँ पर वह देश कौन-सा है?

निस्वार्थ शुद्ध प्रेमी भाई भले जहाँ थे।
लक्ष्मण-भरत सरीखे वह देश कौन-सा है?

देवी पतिव्रता श्री सीता जहाँ हुईं थीं।
माता पिता जगत का वह देश कौन-सा है?


आदर्श नर जहाँ पर थे बालब्रह्मचारी।
हनुमान, भीष्म, शंकर, वह देश कौन-सा है?

विद्वान, वीर, योगी, गुरु राजनीतिकों के।
श्रीकृष्ण थे जहाँ पर वह देश कौन-सा है?

विजयी, बली जहाँ के बेजोड़ शूरमा थे।
गुरु द्रोण, भीम, अर्जुन वह देश कौन-सा है?

जिसमें दधीचि दानी हरिचंद कर्ण से थे।
सब लोक का हितैषी वह देश कौन-सा है?

बाल्मीकि, व्यास ऐसे जिसमें महान कवि थे।
श्रीकालिदास वाला वह देश कौन-सा है?

निष्पक्ष न्यायकारी जन जो पढ़े लिखे हैं।
वे सब बता सकेंगे वह देश कौन-सा है?


छत्तीस कोटि भाई सेवक सपूत जिसके।
भारत सिवाय दूजा वह देश कौन-सा है?


आज के लिए इतना ही,
नमस्कार
******



2 responses to “वह देश कौन सा है!”

  1. SARE JAHAN SE ACHCHHA, HINDOSTAN HAMARA. HAPPY DIWALI.

    Like

    1. shri.krishna.sharma avatar
      shri.krishna.sharma

      Thanks, Happy Diwali to you too.

      Like

Leave a reply to yagneshthakore Cancel reply