सूर्यास्त : एक इंप्रेशन

आज एक बार फिर से मैं स्वर्गीय दुष्यंत कुमार जी की एक कविता शेयर कर रहा हूँ| दुष्यंत कुमार जी को आपातकाल में लिखी गई उनकी गज़लों के कारण विशेष रूप से प्रसिद्धि मिली थी, जिनको उनके संकलन ‘साये में धूप’ में शामिल किया गया था और मैंने उनकी कुछ गज़लें पहले शेयर भी की हैं| आज मैं उनकी अलग तरह की कविता शेयर कर रहा हूँ, जो उन्होंने सूर्यास्त के अनुभव को लेकर लिखी है|


लीजिए प्रस्तुत है दुष्यंत कुमार जी की यह कविता-

सूरज जब
किरणों के बीज-रत्न
धरती के प्रांगण में
बोकर
हारा-थका
स्वेद-युक्त
रक्त-वदन
सिन्धु के किनारे
निज थकन मिटाने को
नए गीत पाने को
आया,

तब निर्मम उस सिन्धु ने डुबो दिया,
ऊपर से लहरों की अँधियाली चादर ली ढाँप
और शान्त हो रहा।


लज्जा से अरुण हुई
तरुण दिशाओं ने
आवरण हटाकर निहारा दृश्य निर्मम यह!
क्रोध से हिमालय के वंश-वर्त्तियों ने
मुख-लाल कुछ उठाया
फिर मौन सिर झुकाया
ज्यों – ‘क्या मतलब?’
एक बार सहमी
ले कम्पन, रोमांच वायु
फिर गति से बही
जैसे कुछ नहीं हुआ!


मैं तटस्थ था, लेकिन
ईश्वर की शपथ!
सूरज के साथ
हृदय डूब गया मेरा।
अनगिन क्षणों तक
स्तब्ध खड़ा रहा वहीं
क्षुब्ध हृदय लिए।
औ’ मैं स्वयं डूबने को था
स्वयं डूब जाता मैं
यदि मुझको विश्वास यह न होता –-
‘मैं कल फिर देखूँगा यही सूर्य
ज्योति-किरणों से भरा-पूरा

धरती के उर्वर-अनुर्वर प्रांगण को
जोतता-बोता हुआ,
हँसता, ख़ुश होता हुआ।’


ईश्वर की शपथ!
इस अँधेरे में
उसी सूरज के दर्शन के लिए
जी रहा हूँ मैं
कल से अब तक!


आज के लिए इतना ही
नमस्कार|
******

4 responses to “सूर्यास्त : एक इंप्रेशन”

  1. खूबसूरत रचना। धन्यवाद साझा करने के लिए।

    Like

    1. shri.krishna.sharma avatar
      shri.krishna.sharma

      Welcome Madhusudan ji.

      Like

  2. दुष्यंत कुमार की कविताओं में बहुत सुंदर प्रकृति का वर्णन मिलता है।

    Like

    1. shri.krishna.sharma avatar
      shri.krishna.sharma

      Yes, very true.

      Like

Leave a reply to Rooppendra Kumar Cancel reply