अपने आप में!

आज मैं फिर से अपनी तरह के अनूठे हिंदी कवि स्वर्गीय भवानी प्रसाद मिश्र जी की एक रचना शेयर कर रहा हूँ।

भवानी दादा की बहुत सी रचनाएं मैंने पहले भी शेयर की हैं।

लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय भवानी प्रसाद मिश्र जी की यह कविता–

अपने आप में
एक ओछी चीज़ है समय
चीज़ों को तोड़ने वाला

मिटाने वाला बने-बनाए
महलों मकानों
देशों मौसमों

और ख़यालों को
मगर आज सुबह से
पकड़ लिए हैं मैंने

इस ओछे आदमी के कान
और वह मुझे
बेमन से ही सही

मज़ा दे रहा है
दस-पन्द्रह मिनिट
सुख से बैठकर अकेले में

मैंने चाय भी पी है
लगभग घण्टे-भर
नमिता को

जी खोलकर
पढाई है गीता
लगभग इतनी ही देर तक

गोड़ी हैं फूलों की क्यारियाँ
बाँधा है फिर से
ऊँचे पर

गिरा हुआ
चमेली का क्षुप
और

अब सोचता हूँ
दोपहर होने पर
बच्चों के साथ

बहुत दिनों में
बैठकर चौके में
भोजन करूँगा

हसूँगा बोलूँगा उनसे
जो लगभग
सहमे-सहमे से

घूमते रहते हैं आजकल
मेरी बीमारी के कारण
और फिर

सो जाऊँगा दो घण्टे
समय अपने बस-भर
इस सबके बीच भी

मिटाता रहा होगा
चाय बनाने वाली
मेरी पत्नी को

गीता पढ़ने वाली
मेरी बेटी को
चमेली के क्षुप को

और मुझको भी
मगर मैं
इस सारे अन्तराल में

पकड़े रहा हूँ
इस ओछे आदमी के कान
और बेमन से ही सही
देना पड़ा है उसे
हम सबको मज़ा !

(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)

आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********

2 responses to “अपने आप में!”

  1. नमस्कार 🙏🏻

    Liked by 2 people

    1. नमस्कार जी

      Like

Leave a comment