आज मैं अपने एक मित्र और श्रेष्ठ हिंदी कवि स्वर्गीय श्याम निर्मम जी का एक नवगीत शेयर कर रहा हूँ।
निर्मम जी की रचनाएं मैंने पहले शेयर नहींकी हैं।
लीजिए आज प्रस्तुत है श्री स्वर्गीय श्याम निर्मम जी का यह नवगीत –

आँखों में सपनों की भरी नदी सूख गई,
और हमें मरुथल के संग-संग बहना है।
गढ़ते वक्तव्य रहे
बस्ती के सीने पर,
खिसकाकर सीढ़ियाँ
चढ़ते ख़ुद ज़ीने पर ।
पान कर हलाहल का कण्ठ सभी भर्राए,
और हमें पीड़ा को गा-गाकर कहना है ।
पर्वत-सा दर्द भले
सुना रही बाँसुरी,
रोम-रोम आग हुई
प्राणों की माधुरी ।
जीवन का फलसफ़ा समझा नहीं पाए हैं,
और हमें दुःख-सुख को साथ-साथ सहना है ।
इस जलते अम्बर से
टूटेंगी बिजलियाँ,
प्यास को बुझाने में
तड़पेंगी मछलियाँ ।
समय की तरंगों से बर्फ़ नहीं हो पाए,
और हमें अग्नि के मुहानों में दहना है ।
(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a comment