आज मैं हिंदी साहित्य के श्रेष्ठ आलोचक तथा हिन्दी कवि स्वर्गीय नामवर सिंह जी का एक नवगीत शेयर कर रहा हूँ|
नामवर जी की अधिक रचनाएं मैंने पहले शेयर नहीं की हैं|
लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय नामवर सिंह जी का यह नवगीत –

कभी जब याद आ जाते
नयन को घेर लेते घन,
स्वयं में रह न पाता मन
लहर से मूक अधरों पर
व्यथा बनती मधुर सिहरन ।
न दुःख मिलता, न सुख मिलता
न जाने प्रान क्या पाते ।
तुम्हारा प्यार बन सावन,
बरसता याद के रसकन
कि पाकर मोतियों का धन
उमड़ पड़ते नयन निर्धन ।
विरह की घाटियों में भी
मिलन के मेघ मंडराते ।
झुका-सा प्रान का अम्बर,
स्वयं ही सिन्धु बन-बनकर
ह्रदय की रिक्तता भरता
उठा शत कल्पना जलधर ।
ह्रदय-सर रिक्त रह जाता
नयन घट किन्तु भर आते ।
कभी जब याद आ जाते ।
(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a comment