आज एक और सुंदर कविता स्वर्गीय भवानीप्रसाद मिश्र जी की शेयर कर रहा हूँ| भवानी दादा की बहुत सी कविताएं मैंने पहले भी शेयर की हैं और उनके बारे में काफी लिखा भी है|
लीजिए आज प्रस्तुत है स्वर्गीय भवानीप्रसाद मिश्र जी की एक और सुंदर कविता –

जीभ की ज़रूरत नहीं है
क्योंकि कहकर या बोलकर
मन की बातें ज़ाहिर करने की
सूरत नहीं है
हम
बोलेंगे नहीं अब
घूमेंगे-भर खुले में
लोग
आँखें देखेंगे हमारी
आँखें हमारी बोलेंगी
बेचैनी घोलेंगी
हमारी आँखें
वातावरण में
जैसे प्रकृति घोलती है
प्रतिक्षण जीवन
करोड़ों बरस के आग्रही मरण में
और
सुगबुगाना पड़ता है
उसे
संग से
शरारे
छूटने लगते हैं
पहाड़ की छाती से
फूटने लगते हैं
झरने !
(आभार- एक बात मैं और बताना चाहूँगा कि अपनी ब्लॉग पोस्ट्स में मैं जो कविताएं, ग़ज़लें, शेर आदि शेयर करता हूँ उनको मैं सामान्यतः ऑनलाइन उपलब्ध ‘कविता कोश’ अथवा ‘Rekhta’ से लेता हूँ|)
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a comment