कल रात की तौबा!

एक पुरानी घटना याद आ गई और उसके साथ ही ये खयाल आया कि दुनिया कितनी बदल गई है| कला की सारी सौगातें, गीत-संगीत तो सब वही हैं लेकिन टेक्नोलॉजी और उसका आम आदमी द्वारा उपयोग कितना बदल गया है, बस यही खयाल आया इस घटना को याद करके|



मैं एनटीपीसी में राजभाषा के क्षेत्र में काम करता था| वैसे तो सरकारी संस्थानों में राजभाषा का क्षेत्र ऐसा है कि यहाँ कोई बड़ी उपलब्धि हासिल नहीं कर सकता, आंकड़ों में दिखाने की महारत हो तो रिपोर्ट आप, अपनी झूठ बोलने की क्षमता के अनुसार तैयार कर सकते हैं, क्योंकि यहाँ आपके हाथ में कुछ भी नहीं है, आप सिर्फ निवेदन कर सकते हैं और ये उम्मीद आपसे की जाती है कि आप रिपोर्ट में बढ़िया स्थिति दर्शाएं|

अब याद आ गई है उस जमाने की तो यह संतोष होता है कि मैं पत्रिका आदि प्रकाशित करके, कवि सम्मेलनों का आयोजन करके अपनी पसंद के कुछ काम कर सकता था और यह दर्द भी झलकता है कि अन्य क्षेत्रों में काम करने वाले मानो मुंबई की ‘फास्ट लोकल’ थे जो तेजी से आगे निकल जाते थे और आप हर जगह रुकते हुए ‘स्लो लोकल’ की तरह ही आगे बढ़ते थे|

एक बात और कि अन्य क्षेत्र में काम करने वालों के लिए प्रशिक्षण आदि के नाम पर विदेश दौरे भी उपलब्ध थे, वहीं राजभाषा अधिकारियों के लिए कंपनी की ही विभिन्न परियोजनाओं में आयोजित होने वाले राजभाषा सम्मेलन ही विभिन्न परियोजनाओं में जाने का साधन थे जो सामान्यतः बड़े शहरों से दूर होते हैं और हाँ कुछ निजी संस्थानों द्वारा कुछ पर्यटन स्थलों पर राजभाषा सम्मेलन आयोजित किए जाते हैं, जिनमें अगर राजभाषा अधिकारियों को भाग लेने की अनुमति मिल जाए तो वह एक दुर्लभ अवसर होता था| ऐसे कुछ अवसरों का लाभ मैंने भी उठाया था और आज एक ऐसे ही अवसर के बहाने से बात कर रहा हूँ, जो अचानक याद आ गया|

हाँ तो प्रसंग कुछ ऐसा है कि पांडिचेरी में एक राजभाषा सम्मेलन का आयोजन था जिसमें भाग लेने के लिए मेरी परियोजना की ओर से मैंने अपना नामांकन करा लिया था| ऐसे आयोजनों का उद्देश्य भी वैसे राजभाषा के बहाने पैसा कमाना ही होता है, जिसे एक बड़े उद्देश्य के साथ जोड़कर प्रचारित किया जाता है| हाँ तो मैं शायद दिल्ली से चेन्नई की ट्रेन में बैठा था, एसी टू टियर में सोता हुआ जा रहा था तभी भोपाल से एक सज्जन बगल की बर्थ पर आए दाढ़ी काफी बढ़ी हुई थी जिसके कारण शुरू में यह पहचानना मुश्किल था कि वह मेरे साथ एनटीपीसी में काम कर चुके अखिलेश जैन थे, जो अब भोपाल की एक कंपनी में कार्य कर रहे थे और अपनी कंपनी में अन्य कामों के साथ वो राजभाषा का काम भी देख रहे थे और उनकी मंजिल भी वह राजभाषा सम्मेलन ही था, जिसमें मैं जा रहा था|

मैं यहाँ इस राजभाषा सम्मेलन के बारे में कुछ बताने नहीं जा रहा, छोटी सी बात जो याद आई थी बस अब वही बताकर बात पूरी करूंगा| चेन्नई से हमको पांडिचेरी जाना था, वहाँ जिस होटल में हमारे रुकने की व्यवस्था आयोजकों द्वारा की गई थी, दोनों ने वहाँ जाने के लिए टैक्सी भाड़े पर ली, अखिलेश जानते थे कि मुझे मुकेश जी के फिल्मी गीत गाने का शौक था तो रास्ते में मैंने कई गीत गए, उनमें से ही एक गीत जो मुझे अत्यंत प्रिय है वह था ‘याद आई आधी रात को कल रात की तौबा, दिल पूछता है झूम के, किस बात की तौबा’| बहुत प्यारा गीत है ये जिसमें ये दिखाया गया है कि कैसे कोई शराबी रोज न पीने की कसम खाता है और रोज भूल जाता है|

खैर प्रसंग मात्र इतना सा है कि अखिलेश बोले कि यह गीत फिल्म- ‘तीसरी कसम’ का है, मैंने यह फिल्म देखी है और मुझे पूरा भरोसा था कि यह इस फिल्म का गीत नहीं था, लेकिन किस फिल्म का था ये मुझे याद नहीं था| अखिलेश शर्त लगाने को तैयार थे कि यह गीत उसी फिल्म का है और मुझे पूरा विश्वास था कि उस फिल्म के देहाती नायक के साथ इस गीत का कोई तालमेल ही नहीं है, लेकिन उस समय इसका कोई फैसला हम नहीं कर पाए|

मैं कहना क्या चाह रहा था इस आलेख में! मुझे याद नहीं आ रहा कि उस समय हम लोग मोबाइल फोन रखते थे या नहीं, ये वर्ष 2000 से पहले की बात है, हम फोन रखते भी हों तो शायद सिर्फ बात करने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते होंगे| आज इस गीत का जिक्र आया तो तुरंत गूगल पर देखकर मैं बता सकता हूँ कि ये गीत फिल्म- ‘कन्हैया’ का गीत है| यही नहीं दुनिया की लगभग हर जानकारी आज के बच्चे आज गूगल पर तुरंत प्राप्त कर सकते हैं, हम भले ही आज भी इस मामले में कुछ पिछड़े रह जाएं!

ऐसे ही याद आया कि साहित्य, कला, संगीत आदि में शायद हम यह गर्व कर सकते हैं कि पूर्व में बहुत महान उपलब्धियां हुई हैं लेकिन टेक्नोलॉजी तो आज की ही चीज़ है और इस क्षेत्र में नित्य नई उपलबधियां हो रही हैं|

ऐसे ही आज इस प्रसंग के बहाने कुछ बात कहने का मन हुआ जी और वह बात अब पूरी हो गई है|

नमस्कार|
*********

2 responses to “कल रात की तौबा!”

  1. सुंदर संस्मरण |

    Like

    1. shri.krishna.sharma avatar
      shri.krishna.sharma

      हार्दिक धन्यवाद जी।

      Like

Leave a comment