स्वर्गीय किशन सरोज जी असाधारण प्रतिभा वाले परंतु अत्यंत सहज और शालीन व्यवहार वाले व्यक्ति थे| उनसे मिलना, उनसे बातें करना और सबसे ज्यादा उनका काव्य पाठ सुनना बहुत अच्छा लगता था| उनके अनेक गीत मैं दिल से पसंद करता हूँ और मैंने शेयर भी किए हैं|
एक ऐसे स्वाभिमानी रचनाकार जो कहते हैं ‘नागफनी आंचल में बांध सको तब आना, धागों बिंधे गुलाब हमारे पास नहीं’|
लीजिए आज भी मैं स्वर्गीय किशन सरोज जी का एक गीत शेयर कर रहा हूँ-

बीत चला यह जीवन सब
प्रिय! न दो विश्वास अभिनव
मिल सको तो अब मिलो, अगले जनम की बात छोड़ो|
भ्रान्त मन, भीगे नयन
बिखरे सुमन, यह सान्ध्य-बेला
शून्य में होता विलय
यह वन्दना का स्वर अकेला
फूल से यह गन्ध, देखो!
कह चली, `सम्बंध, देखो!
टूटकर जुड़ते नहीं फिर, मोह-भ्रम की बात छोड़ो! ‘
यह कुहासे का कफ़न
यह जागता-सोता अंधेरा
प्राण-तरू पर स्वप्न के
अभिशप्त विहगों का बसेरा
योँ न देखो प्रिय! इधर तुम,
एक ज्योँ तस्वीर गुमसुम,
अनवरत, अन्धी प्रतीक्षा, के नियम की बात छोड़ो!
यह दिये की कांपती लौ,
और यह पागल पतंगा
दूर नभ के वक्ष पर
सहमी हुई आकाश-गंगा
एक-सी सबकी कथा है,
एक ही सबकी व्यथा है,
है सभी असहाय, मेरी या स्वयम् की बात छोड़ो!
हर घड़ी, हर एक पल है,
पीर दामनगीर कोई
शीश उठते ही खनकती
पाँव में जंज़ीर कोई
आज स्वर की शक्ति बन्दी,
साध की अभिव्यक्ति बन्दी,
थक गये मन-प्राण तक, मेरे अहम की बात छोड़ो!
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
********
Leave a comment