ज़नाब कृष्ण बिहारी ‘नूर’ साहब की एक ग़ज़ल आज शेयर कर रहा हूँ| ‘नूर’ साहब उस समय शायरी के क्षेत्र में सक्रिय गिने-चुने हिन्दू शायरों में से एक थे| कई बार ऐसी प्रतियोगिता भी होती थीं, जिनमें एक मिसरे को लेकर ग़ज़ल के शेर लिखने को कहा जाता था|
एक बार ग़ज़ल लिखने के लिए मिसरा दिया गया था- ‘क़ाफिर हैं वो लोग जो कायल नहीं इस्लाम के’| इस पर नूर साहब ने शेर इस प्रकार लिखा था- ‘लाम के मानिंद हैं, गेसू मेरे घनश्याम के, क़ाफ़िर हैं वो लोग जो कायल नहीं ‘इस लाम’ के| खैर ये कहीं पढ़ा था अचानक याद आ गया|

लीजिए नूर साहब की ग़ज़ल का आनंद लीजिए-
यारो घिर आई शाम, चलो मयकदे चलें,
याद आ रहे हैं जाम, चलो मयकदे चलें|
दैरो-हरम पे खुल के जहाँ बात हो सके,
है एक ही मुक़ाम, चलो मयकदे चलें|
अच्छा, नहीं पियेंगे जो पीना हराम है,
जीना न हो हराम, चलो मयकदे चलें|
यारो जो होगा देखेंगे, ग़म से तो हो निजात,
लेकर ख़ुदा का नाम, चलो मयकदे चलें|
साक़ी भी है, शराब भी, आज़ादियाँ भी हैं,
सब कुछ है इंतज़ाम, चलो मयकदे चलें|
ऐसी फ़ज़ा में लुत्फ़े-इबादत न आएगा,
लेना है उसका नाम, चलो मयकदे चलें|
फ़ुरसत ग़मों से पाना अगर है तो आओ ‘नूर’,
सबको करें सलाम, चलो मयकदे चलें||
आज के लिए इतना ही,
नमस्कार|
*******
Leave a comment