दिन की बुझी शिराओं में, एक और उमर आई!

एक बार फिर से मैं आज अपने एक प्रिय कवि स्वर्गीय रमेश रंजक जी का एक नवगीत शेयर कर रहा हूँ| यह गीत है शाम का, बचपन में हमने गीत पढ़े थे ग्रामीण परिवेश पर शाम के, जब गोधूलि वेला में बैल रास्ते में धूल उड़ाते हुए घर लौटते हैं|

यह शहरी परिवेश में शाम का गीत है, जब लोग अपने-अपने काम से लौटते हैं| लीजिए प्रस्तुत है यह नवगीत-

दिन अधमरा देखने
कितनी भीड़ उतर आई,
मुश्किल से साँवली सड़क की
देह नज़र आई ।

कल पर काम धकेल आज की
चिन्ता मुक्त हुई|
खुली हवाओं ने सँवार दी
तबियत छुइ-मुई|


दिन की बुझी शिराओं में
एक और उमर आई ।

फूट पड़े कहकहे,
चुटकुले बिखरे घुँघराले,
पाँव, पंख हो गए
थकन की ज़ंजीरों वाले|

गंध पसीने की पथ भर
बतियाती घर आई|


आज के लिए इतना ही
नमस्कार|
******

Leave a comment